Pages

Wednesday, February 13, 2013

प्रेम प्रसंग में युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में मेरठ रैफर

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)।  प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करते हुए उसे गोली मार दी जिससे वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। युवक को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां से उसे गंभीर हालत में मेरठ के लिए रैफर कर दिया गया।
प्राप्त समाचार के अनुसार जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के मौहल्ला इंदिरा कालोनी निवासी संदीप पुत्र स्व. नेत्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भतीजा अभिषेक उर्फ सन्नी पुत्र राजकुमार इंदिरा कालोनी में उसी के साथ रहता है और वह ड्राइवर के रूप में काम करता है। चर्चा है कि अभिषेक उर्फ सन्नी का मैनपाल की बेटी के साथ प्रेमप्रसंग चल रहा था। वहीं दूसरी ओर मैनपाल की बेटी किसी दूसरे लड़के को पंसद करती थी। जब इस मामले की जानकारी मैनपाल को लगी तो उसने इसका विरोध किया और वह सन्नी से रंजिश रखने लगा। जिसके चलते लगभग छह माह पूर्व ही आरोपी मैनपाल व उसके साथियों सन्नी के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार करते हुए उसे घायल कर दिया था। बुधवार की सुबह मैनपाल पुत्र राजपाल ने सन्नी पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चला दी जिसमें से एक गोली सन्नी के पेट में जा लगी और वह लहूलुहान अवस्था में वहीं पर गिर गया। मौहल्ले में चली गोलियों की आवाज से हड़कम्प मच गया और अनेक लोग मौके पर पहुंच गये। आरोपी तमंचा लहराते हुए अपने साथियों के साथ वहां से फरार हो गया। इसी बीच संदीप व अन्य परिजन मौके पर जा पहुंचे किसी व्यक्ति द्वारा मामले की सूचना देने पर सिविल लाइन पुलिस भी घटनास्थल की ओर पहुंच गयी। पुलिस व परिजनों की मदद से घायल सन्नी को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में लाया गया जहां से डाक्टरों ने उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए उसे मेरठ रैफर कर दिया। सन्नी के परिजनों ने इस सम्बन्ध में आरोपी मैनपाल के खिलाफ थाना सिविल लाइन में तहरीर देते हुए सख्त कार्यवाही की मांग की।

No comments:

Post a Comment