Pages

Thursday, February 7, 2013

अखिलेश मंत्रिमंडल में दागी समेत 12 नए मंत्री


लखनऊ, गुरूवार, 7 फरवरी 2013
उत्तर प्रदेश की अखिलेश यादव सरकार ने गुरुवार को अपने पहले विस्तार में एक कैबिनेट तथा 11 राज्यमंत्रियों को मंत्रिमण्डल में शामिल किया।

शपथ लेने वाले मंत्रियों में विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह भी हैं जिनसे गोंडा के मुख्य चिकित्साधिकारी को धमकाने के आरोपों के कारण इस्तीफा ले लिया गया था।

राज्यपाल बी.एल. जोशी ने राजभवन के मुख्य सभागार में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव, स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन तथा कुछ अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी में नये मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मंत्रिमण्डल विस्तार में युवाओं को तरजीह दी गई है।

सपा के प्रांतीय प्रवक्ता तथा विधान परिषद सदस्य राजेन्द्र चौधरी को कैबिनेट मंत्री, विजय कुमार मिश्र को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह, पवन पाण्डेय, गायत्री प्रजापति, मनोज कुमार पाण्डेय राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

विजय कुमार मिश्र, राम मूर्ति वर्मा, विजय बहादुर पाल, आलोक कुमार शाक्य, राम सकल गुर्जर, सपा महासचिव रामनरेश अग्रवाल के बेटे नितिन अग्रवाल तथा योगेश प्रताप सिंह को भी राज्यमंत्री बनाया गया है।

इसके साथ ही अखिलेश यादव सरकार के मंत्रिमंडल की सदस्य संख्या बढ़कर 58 हो गई है। मंत्रिमण्डल में सदन की कुल सदस्य संख्या के 15 प्रतिशत के बराबर मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। कुल 403 सदस्यीय सदन के हिसाब से अखिलेश सरकार के मंत्रिमंडल में 60 मंत्री हो सकते हैं।

इसके पूर्व गत 15 मार्च को मुख्यमंत्री समेत 48 मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उनमें से खेल मंत्री कामेश्वर उपाध्याय का निधन हो गया है जबकि राजस्व राज्यमंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह से गोंडा के मुख्य चिकित्साधिकारी को धमकाने के आरोपों के कारण इस्तीफा ले लिया गया था। (भाषा)

No comments:

Post a Comment