Pages

Thursday, August 23, 2012

संसद में होगा फिल्मी हस्तियों का 'जमावड़ा'

नई दिल्ली
कापीराइट कानून को पारित किए जाने पर संसद का शुक्रिया अदा करने के लिए गुरुवार को फिल्म उद्योग की जानी मानी हस्तियां संसद भवन पहुंच रही हैं जिनमें स्वर सम्राज्ञी लता मंगेशकर से लेकर संगीतकार एआर रहमान तक शामिल हैं। लोकसभा सचिवालय सूत्रों ने बताया कि म्यूजिक फ्रेटर्निटी आफ इंडिया द्वारा संसद भवन पुस्तकालय के बालयोगी सभागार में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में लता मंगेशकर, एआर रहमान, गीतकार गुलजार, संगीतकार शंकर-अहसान-लाय, विशाल और रेखा भारद्वाज, सोनू निगम तथा सुनिधि चौहान भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि गीतकार और राज्यसभा के मनोनीत सदस्य जावेद अख्तर के प्रयासों से सरकार ने कापीराइट विधेयक को पारित किया था और उसी का शुक्रिया अदा करने के लिए फिल्म जगत की ये हस्तियां संसद भवन परिसर में अपनी प्रस्तुति देंगी। इस कार्यक्रम की संपूर्ण कल्पना जावेद अख्तर की है और इस आयोजन में वह भी अपनी कविताएं पढ़ेंगे। इसी के चलते कार्यक्रम का नाम भी ‘‘शुक्राना’’ रखा गया है।
सूत्रों ने बताया कि लता जी इस समारोह में मुख्य अतिथि की भूमिका में होंगी और वह किसी प्रकार की प्रस्तुति नहीं देंगी। गौरतलब है कि लता जी ने भी कापीराइट कानून पर जावेद अख्तर के प्रयासों का पूरा समर्थन किया था। इस विधेयक पर जब संसद में चर्चा चल रही थी तो उन्होंने कहा था, ''मैं 110 फीसदी जावेद अख्तर के साथ हूं। मेरी आशंका केवल यह है कि वे निर्माताओं और संगीत कंपनियों के आक्रोश का सामना कैसे करेंगे जो उनके इस कदम से बेहद खफा हैं।’’ इस विधेयक के पारित होने से गीतकारों और संगीतकारों को बड़ी राहत मिली है। इससे उन्हें आजीवन रायल्टी मिलेगी। गायक और संगीतकार शंकर महादेवन ने कहा, ''इस विधेयक के पारित होने का मतलब यह है कि चाहे हम मरते दम तक काम नहीं करेंगे लेकिन हम आखिरी सांस तक कमा सकेंगे। यह कार्यक्रम सांसदों के प्रति आभार जताने का एक छोटा सा जरिया है।’’
लोकसभा सचिवालय सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम की मेजबानी अभिनेत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद शबाना आजमी करेंगी और इसकी शुरुआत पंडित शिव कुमार शर्मा और पंडित हरिप्रसाद चौरसिया की जुगलबंदी से होगी। गुलजार और अख्तर अपनी शायरी पेश करेंगे। समारोह की समाप्ति पर लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने बॉलीवुड हस्तियों के सम्मान में रात्रिभोज का भी आयोजन किया है।
sabhar prabhasakshi.com

No comments:

Post a Comment