Pages

Saturday, August 18, 2012

भारतीय मूल के अमेरिकी अर्थशास्त्री संजय रेड्डी बने अमेरिकी संस्थान के प्रमुख



न्यूयार्क | न्यूयार्क के प्रमुख विश्वविद्यालय, द न्यू स्कूल ने भारतीय मूल के अमेरिकी अर्थशास्त्री संजय रेड्डी को इंडिया चाइना इंस्टीट्यूट (आईसीआई) का निदेशक नियुक्त किया है। रेड्डी सहित इस संस्थान के दो निदेशक हैं। स्कूल ने घोषणा की है कि अर्थशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर रेड्डी और राजनीति के प्रोफेसर मार्क फ्रेजर नए अनुसंधान कार्यक्रमों की शुरुआत के जरिए तथा अन्य वैश्विक संस्थानों के साथ साझेदारी बनाकर भारत, चीन और अमेरिका के बीच आईसीआई के रिश्तों के सूत्र स्थापित करेंगे। रेड्डी ने कहा, "भारत और चीन उभर रहे राष्ट्रों राज्यों और सभ्यतागत अवसरों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिनकी अमेरिका में विद्वता व शिक्षण को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। वे संयुक्त रूप से दुनिया की अर्थव्यवस्था, राजनीति और समाज को नया आकार दे रहे हैं।"

द न्यू स्कूल द्वारा 2004 में स्थापित आईसीआई, भारत और चीन के बीच रिश्तों पर और अमेरिका के साथ उनकी बातचीत पर अनुसंधान, शिक्षण और चर्चा में मदद करता है। संजय रेड्डी 2009 में द न्यू स्कूल फॉर सोशल रिसर्च में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनका शोध मौजूदा भारत पर खासतौर पर केंद्रित वैश्विक राजनीतिक अर्थव्यवस्था, विकास एवं गरीबी पर केंद्रित है। कोलम्बिया, प्रिंस्टन और हार्वर्ड में अध्यापन कर चुके रेड्डी ने ऑक्सफेम, यूनीसेफ और विश्व बैंक जैसी विकास एजेंसियों व संस्थानों के लिए परामर्श देने का काम भी किया है। हार्वर्ड से उन्होंने अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि हासिल की है।
sabhar pradesh today

No comments:

Post a Comment