Pages

Sunday, December 23, 2012

दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दो टूक में कहा, इस्तीफा नहीं दूंगा, प्रदर्शन को दबाने में जुटी सरकार

LIVE: दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने दो टूक में कहा, इस्तीफा नहीं दूंगा, प्रदर्शन को दबाने में जुटी सरकार
नई दिल्ली. गैंगरेप के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन उग्र होता जा रहा है। राजपथ और इंडिया गेट पर प्रदर्शनकारियों पर दोबारा पुलिस के लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले छोड़ने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने भी पुलिस पर पथराव कर बैरीकेट्स और वाहन में आग लगा दी है।
 सोनिया गांधी ने दिल्ली में गैंगरेप का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों को बलात्कार से जुड़े कानून में बदलाव का भरोसा दिलाया है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह ने सोनिया और प्रदर्शनकारियों के बीच बैठक खत्म होने के बाद यह जानकारी दी। वही प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विरोध जारी रहेगा। दूसरी ओर इंडिया गेट पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झूमा-झटकी जारी है। (पब्‍लि‍सटी स्‍टंट है गैंगरेप का वि‍रोध प्रदर्शन: राजा भैया)
राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में चलती बस में गैंगरेप के खिलाफ देश के गुस्‍से से सरकार डर गई है। जंतर-मंतर को छोड़कर पूरे नई दिल्‍ली इलाके में धारा 144 लगा दी गई है। राजपथ पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। दिल्‍ली पुलिस के अगले आदेश तक सात मेट्रो स्‍टेशन बंद कर दिए गए हैं। जंतर -मंतर पर भी प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। लेकिन पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद प्रदर्शनकारी इंडिया गेट पर पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बस की हवा निकाल दी है। प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस धारा 144 लगे होने का ऐलान कर रही है लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस होने को तैयार नहीं हैं। इंडिया गेट से हटाने के लिए पुलिस जबरन लोगों को बस में भर रही है।

आंदोलनकारियों के उग्र तेवर से सरकार हिल गई लगती है। रविवार सुबह होते ही सरकार का खौफ पुलिस पर भी दिखने लगा। बेहद ठंड के बावजूद पुलिस ने रातभर खुले आसमान में पड़े आन्दोलनकारियों को सुबह होते ही न सिर्फ विजय चौक से घसीटते हुए हटाया बल्कि, उन्हें बसों में भर कर दिल्ली से बाहर भेज दिया गया। मीडिया के लोगों को भी विजय चौक इलाके से हटने को मजबूर किया गया।
आज किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए नई दिल्ली जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पूरे देश में गैंगरेप के खिलाफ जारी आन्दोलन ने न सिर्फ सरकार की चूलें हिला दी हैं, बल्कि उन्हें जल्दी ही कोई कठोर फैसला लेने पर भी मजबूर कर दिया है। इस बीच खबर है कि योग गुरु बाबा रामदेव भी अपने समर्थकों के साथ आज इण्डिया गेट पहुंचने वाले हैं।

डीएमआरसी के प्रवक्ता के अनुसार रविवार सुबह से जहांगीरपुरी-हुडा सिटी सेंटर लाइन में अंतर्गत आने वाले पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस, प्रगति मैदान, उद्योग भवन और रेस कोर्स बंद रहेंगे। इन मेट्रो स्टेशन पर न ही ट्रेन रुकेगी और न ही इस मेट्रो स्टेशन पर किसी को प्रवेश करने की इजाजत दी जाएगी।

कोर्ट ने दिया आदेश रोज हो सुनवाई

दिल्ली उच्च न्यायालय ने रविवार को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीशों को यौन प्रताड़ना के मामलों की सुनवाई प्रतिदिन करने का निर्देश दिया। यह भी बताया गया कि पांच त्वरित अदालतों (फास्ट ट्रैक कोर्ट) का गठन जल्द होगा। उच्च न्यायालय ने कहा, "दिल्ली उच्च न्यायालय की प्रशासनिक समिति ने एक प्रस्ताव पारित कर अतिरिक्त सत्र न्यायाधीशों को निर्देश दिया है कि महिलाओं के साथ यौन प्रताड़ना के मामलों की सुनवाई रोजाना आधार पर की जाए।"
 
मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली प्रशासनिक समिति ने पांच विशेष त्वरित अदालतों के गठन सम्बंधी सरकार के प्रस्ताव को भी स्वीकार कर लिया है। उच्च न्यायालय ने कहा कि ऐसी अदालतों का गठन शीतकालीन अवकाश के तुरंत बाद किया जाएगा।
 
गौरतलब है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने 19 दिसम्बर को पांच विशेष त्वरित अदालतों के गठन का प्रस्ताव उच्च न्यायालय को भेजा था।
 
LIVE UPDATE:
 
8.45 बजे
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा इस्तीफा नहीं दूंगा। विरोध प्रदर्शन में असामाजिक तत्व शामिल। पुलिस बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की गई।
 
7.45 बजे
बैठक के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा आंदोलन का राजनीतिकरण न हो। अपराध के मुताबिक दोषी को सजा मिलनी चाहिए। शीला-शिंदे की मुलाकात के बाद दिल्ली कमिश्नर को हटाए जाने की अटकलें तेज।
 
7.45 बजे
शीला दीक्षित ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता। वीआईपी सुरक्षा में लगे जवानों को हटाकर आम आदमी की सुरक्षा में पुलिस के जवान लगाए जाने की रखी मांग।
 
7.35 बजे
कानून व्यवस्था मसले पर शीला दीक्षित और गृह मंत्री के बीच चल रही बैठक खत्म। किसी नतीजे पर नहीं पहुंची सरकार। शीला दीक्षित ने पुलिस को आम जनता से दोस्ताना व्यवहार करने की दी सलाह।
 
7.25 बजे
गृह राज्य मंत्री भी बैठक में शामिल। पुलिस ने प्रेस क्लब में घुसने की कोशिश की। पुलिस ने इंडिया गेट को खाली कराया। संदीप दीक्षित ने कमिश्नर नीरज कुमार को ठहराया जनता को हुई परेशानी का जिम्मेदार। 

7.15 बजे
सोनिया ने प्रदर्शनकारियों के सुझाव गृह मंत्री को भेजे। कानून व्यवस्था मसले पर शीला दीक्षित और गृह मंत्री के बीच बैठक जारी। अपनी पूरी कैबिनेट के साथ शीला दीक्षित बैठक में मौजूद। संसदीय मंत्री कमलनाथ भी बैठक में शामिल।

7.05 बजे
कानून-व्यवस्था मसले पर गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे से मिलने पहुंची शीला दीक्षित। कानून-व्यवस्था मुद्दे पर बैठक जारी। शीला दीक्षित के पुत्र और सांसद संदीप दीक्षित ने रखी कमिश्नर को हटाने की मांग। संदीप दीक्षित ने पुलिस के रवैय्ये को बताया ढ़ीला। दिल्ली पुलिस कमिश्नर को लेनी चाहिए पुलिस की लापरवाही की जिम्मेदारी। 

6.55 बजे
दिल्ली में बनी फास्ट ट्रैक कोर्ट। 2 जनवरी से शुरू हो जाएगी सुनवाई। आरोपियों को भेजा गया 14 दिन की जेल पर। 
 
6.45 बजे
इंडिया गेट पर हिंसक हुआ प्रदर्शन, 1 एसीपी सहित कई प्रदर्शनकारी-पुलिस वाले घायल।

6.35 बजे
शीला दीक्षित ने लिखा गृहमंत्री को खत, वीवीआईलोगों की सुरक्षा घटाने की रखी मांग। पत्थरबाजी में घायल कॉन्सटेबल सुभाष कुमार की हालत गंभीर। 

6.25 बजे
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने गृह मंत्री को कानून-व्यवस्था मसले पर लिखा खत। वीवीआईपी लोगों की सुरक्षा घटाने की रखी मांग। 

6.20 बजे
दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा दिल्ली गैंगरेप केस विचलित करने वाला मामला है। ऐसे मामले में रोजाना सुनवाई हो। मीडिया के कैमरे तोड़े। प्रदर्शनकारियों सहित मीडिया के कई लोग घायल।

6.10 बजे
इंडियागेट की ओर फिर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी। पुलिस से लगातार हो रही झड़प। लोग घर लौटने को राजी नहीं। 
6.05 बजे
लड़कियों और महिलाओं पर लाठीचार्ज के बाद और भड़का गुस्सा। नारेबाजी तेज। पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा हालात पर नियंत्रण करना। लोगों ने कहा बिना बताए पुलिस ने चलाईं लाठियां। सोनिया और शीला दीक्षित के खिलाफ नारेबाजी। 
6.00 बजे
प्रदर्शनकारियों और पुलिस में पथराव-झडप जारी, लाठीचार्ज में महिलाओं को लगी चोट। लोगों का गुस्सा और भड़का। अफरा-तफरी का माहौल।
5.55 बजे
इंडियागेट को पुलिस ने खाली कराया। घायलों के लिए एंबुलैंस बुलाई। पुलिस ने और तेज की कार्रवाई।भगदड़ मची लगातार हो रहा लाठीचार्ज।
5.50  बजे
मीडियाकर्मियों और कैमरों पर भी पानी की बौछार। प्रदर्शनकारियों पर आंसूगैस के गोले छोड़े गए। अफरा-तफरी का माहौल। लोग हटने को तैयार नहीं। 
5.45 बजे 
आंसू गैस, लाठीचार्ज और पानी की बौछार लगातार जारी। लोगों को हटाने की तेज हुई कार्रवाई। अमर जवान ज्योति के समीप मची भगदड़,
5.30 बजे 
इंडियागेट को खाली कराने की कोशिश कर रही सरकार। मीडिया के कैमरे भी जबर्दस्ती हटाए जा रहे हैं। 
5.25 बजे
सरकार ने विरोध को दबाने के लिए प्रदर्शनस्थल के आस-पास लगाया जैमर। लाठीचार्ज के बाद फिर शुरू हुआ पथराव 
5.20  बजे
गृहसचिव से मिलने जा रहा प्रदर्शनकारियों का प्रतिनिधि मंडल। दस सदस्य हैं शामिल। शीला दीक्षित सात बजे गृहमंत्री शिंदे से करेंगी मुलाकात। दोबारा की पानी की बौछार।
5.15 बजे 
दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर धर्मेद्र कुमार ने कहा कानून तोड़ा तो की जाएगी कार्रवाई। शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने से मनाही नहीं। शरारती तत्व आंदोलन में शामिल होकर इसे हाइजैक कर रहे हैं। 
5.10 बजे
बाबा रामदेव और उनके समर्थकों पर केस दर्ज। जंतर-मंतर पर कर रहे थे प्रदर्शन। बाबा अभी भी प्रदर्शन में शामिल। 
5.05  बजे
राजपथ, इंडिया गेट पर पुलिस का प्रदर्शनकारियो में झूमा-झटकी जारी। पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा प्रदर्शनकारियों को रोकना। पुलिस ने कहा लोग वापस घर लौट जाएं। पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह भी प्रदर्शन में शामिल। 
4.50 बजे
सुषमा स्वराज ने की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग। प्रदर्शनकारियों से की शांति बनाए रखने की अपील।
4.45  बजे
बाबा रामदेव के समर्थकों ने तोड़ी बैरीकेटिंग। गृह राज्यमंत्री ने शांति बनाए रखने की अपील की। दिल्ली कैबिनेट की अहम बैठक शाम 5.30 बजे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने छोड़े आंसूगैस के गोले। 
4.35 बजे
शरद पवार की पार्टी एनसीपी ने सरकार की ओर से फांसी का प्रावधान किये जाने पर उसका समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से इस प्रावधान को पूरा सहयोग मिलेगा।

4.25 बजे
प्रदर्शनकारियों का भी पुलिस पर पथराव। दिल्ली पुलिस ने कहा, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में हुए शामिल। सरकार के खिलाफ गुस्सा और नारेबाजी।
4.15 बजे
प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का लाठीचार्ज जारी। दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। लगातार उग्र हो रहा प्रदर्शन। भीड़ ने लगाई बैरीकेटिंग में आग।
4.05  बजे
लाठीचार्ज के बाद और उग्र हुई भीड़। माहौल बेहद उग्र है, पुलिस युवाओं को दौड़ा दौड़ा पीट रही है। वहीं इंडिया गेट के ठीक सामने राजपथ पर युवाओं ने पुलिस को खदेड़ दिया है। पुलिस की रणनीति युवाओं के समूहों को विभाजित कर दो ओर ले जाने की है।
4.00 बजे
इंडिया गेट की तरफ दौड़े रामदेव समर्थक। पुलिस ने किया लाठी चार्ज। जंतर मंतर से आगे बढ़े रामदेव के समर्थक।  पुलिस ने बाबा रामदेव को आगे बढ़ने से रोका।रामदेव के समर्थकों की पुलिस से झड़प।
 
दोपहर 3.55  बजे
 
गैंगरेप के आरोपी रामसिंह, पवन ओर विनय को 14 दिन के लिए जेल भेजा। आरोपियों ने कहा कोर्ट में कहा पहचान परेड कराना नहीं चाहते, हमसे हुई है गलती। बयान के लिए जज के चैंबर में ले जाया गया। 
 
दोपहर 3.45 बजे
 
प्रदर्शनकारी फांसी की मांग पर अड़े। पुलिस का लाठीचार्ज जारी। प्रदर्शनकारियों का टुकड़ियों में आगे बढ़ने का प्रयास। अफरा-तफरी का माहौल। 
 
दोपहर 3.35 बजे
 
प्रदर्शन और उग्र हुआ। पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले छोड़ने जारी। पानी की बौछारों के बाद भी प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं। युवाओं की टुकड़ियां आगे बढ़ने के लिए कर रहीं प्रयास। पुलिस रोकने की कोशिश में। 
दोपहर 3.25 बजे
अमरजवान ज्योति के समीप शुरू हुई झड़प। प्रदर्शनकारियों ने 26 जनवरी की तैयारियों के लिए लगाए बैरीकेट्स तोड़े।आपस में भी प्रदर्शनकारी उलझे। नारेबाजी तेज। 
दोपहर 3.15 बजे
 
पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने। झड़प जारी। हालात अब भी नियंत्रण में नहीं। सोनिया से मिले प्रदर्शनकारियों ने की शांति की अपील। 
दोपहर 3.00 बजे
इंडिया गेट पर प्रदर्शनकारियों की भीड़ जगह-जगह समूह बनाकर प्रदर्शन कर रही है। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो रही है। पुलिस ने कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े हैं और पानी की बौछारे भी की हैं। भीड़ को राष्ट्रपति भवन की ओर बढ़ने से रोकने के लिए वज्र वाहन मुस्तैद है। पुलिस पानी की बौछार करने की तैयारी कर रही है।
2: 55 इंडिया गेट प्रदर्शनकारियों ने आंसू गैस के गोले पलटकर पुलिस पर फेंके। पुलिस पर पत्‍थरबाजी भी की।

2:50 बजे
प्रदर्शनकारियों का राष्‍ट्रपति भवन की ओर मार्च। पुलिस ने करीब 20 से 25 आंसू गैस के गोले छोड़े। प्रदर्शनकारियों पर लाठी-चार्ज।
दोपहर 2:02 बजे
अन्‍ना हजारे ने कहा, 'दिल्‍ली की घटना से ऐसा लगता है कि अपराधियों और असामाजिक तत्‍वों को सरकारी मशीनरी का डर नहीं रह गया है।'
दोपहर 1: 36 बजे
पूर्व आईपीएस किरण बेदी ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा, 'अब वक्‍त आ गया है कि हम समस्‍या के लिए सुझाव देने के बजाय इसका हल निकालें।'
दोपहर 1:25 बजे
प्रदर्शनकारियों के आगे झुकी पुलिस, इंडिया गेट से धारा 144 हटाई गई।  हालांकि रेल भवन के पास प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरीकेड तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों पर पानी के बौछारें और आंसू गैस के गोले छोड़े गए।
दोपहर 1.20 बजे 
 
लाठीचार्ज के बाद भी प्रदर्शनकारी राजघाट पर डटे। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को खदेड़ रही है। सरकार और सोनिया गांधी के खिलाफ नारेबाजी। ठोस कार्रवाई की मांग। बाबा रामदेव को प्रगति मैदान के पास रोका गया, पूर्व आर्मी चीफ वी के सिंह भी मौजूद। रामदेव को रामलीला मैदान जाने को कहा गया।
दोपहर 1.10 बजे
 
प्रदर्शनकारियों और पुलिस में तेज हुई झड़प। प्रदर्शनकारी हटने के लिए तैयार नहीं। इंडिया गेट पर हजारों की तादात में पहुंचे युवा। वी वॉन्ट जस्टिस के गूंजे नारे। 
 
दोपहर 1.00 बजे
 
राजपथ पर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज। आंसूगैस के गोल छोड़े। पुलिस कार्रवाई से प्रदर्शनकारी और गुस्से में। आगे बढ़ने का कर रहे प्रयास। आम आदमी के कार्यकर्ता भी प्रदर्शनकारियों के साथ जुड़े।
 
दोपहर 12.55  बजे
 
राजपथ से प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटाया। इंडिया गेट की ओर लौटाया। इंडिया गेट पर पुलिस-प्रदर्शनकारियों के बीच झूमा-झटकी जारी।
दोपहर 12.45 बजे
 
बैरीकेट्स तोड़ कर फिर राजपथ पर पहुंचे कुछ प्रदर्शनकारी। पुलिस इन प्रदर्शनकारियों को हटाने के प्रयास में। आम आदमी पार्टी के कुमार विश्वास भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे। 
 
दोपहर 12.40 बजे
 
प्रदर्शनकारियों की मांगों पर नहीं दी गई समय सीमा। बैठक में प्रदर्शनकारियों ने दिए थे सुझाव। आरएन सिंह ने कहा सुझावों पर किया जाएगा गौर। बैठक में शामिल प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर रवाना। वहां देंगे बैठक की जानकारी। आउटर साइड में बनी जाम की स्थिति।
दोपहर 12.25 बजे
सोनिया गांधी और प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल के बीच बैठक खत्म। सोनिया ने दिया कानून में बदलाव का भरोसा। प्रदर्शनकारियों ने कहा जारी रहेगा विरोध।
 
दोपहर 12.15 बजे
 
प्रदर्शनकारी छोटे-छोटे समूह में आगे बढ़ने का प्रयास कर रह हैं। मौका मिलते ही वे इंडिया गेट पहुंच रहे हैं। पुलिस भी प्रदर्शनकारियों को रोकने का कर रही प्रयास। 
सुबह 11.50 बजे
इंडिया गेट पर प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के वाहन पर किया पथराव। वाहन के कांच फोड़े। अफरा-तफरी का माहौल। धारा 144 के बाद भी प्रदर्शनकारियों की संख्या में लगातार हो इजाफा। 
 
सुबह 11.30 बजे
 
जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन शुरू। पुलिस के रोके जाने पर शुरू हुई झड़प। पुलिस की समझाइश का प्रदर्शनकारियों पर असर नहीं। प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 
सुबह 11.15 बजे
राहुल गांधी भी बैठक में पहुंचे। बैठक लंबी चलने के आसार। इंडिया गेट से प्रदर्शनकारियों को हटाने की पुलिस की कोशिशें जारी। रामलीला मैदान पर प्रदर्शन की इजाजत। 
 
सुबह 11.00 बजे
 
धारा 144 लागू होने के बाद भी इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में लोग जुटे। पुलिस से फिर हुई झड़प। भारी तादात में पुलिस मौजूद। सोनिया गांधी से प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल की चल रही मुलाकात। लोग इंडिया गेट से हटने को तैयार नहीं। बाबा रामदेव भी पहुंचने वाले दिल्ली।
sabhar dainikbhaskar,com

No comments:

Post a Comment