Pages

Wednesday, September 26, 2012

पुलिस द्वारा केस ने नाम न निकालने पर कांग्रेसी करेंगे गांधी जयन्ती पर महापंचायत

सहारनपुर (अलर्ट न्यूज)। पालिकाध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले का मामला अब सपाईयों व कांग्रेसियों के बीच छिड़ चुका है। पालिकाध्यक्ष मामले में फहीम नंबरदार का नाम आने पर गुस्साए कांग्रेसियों ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार पर भड़ास निकालते हुए कांग्रेसियों ने प्रशासन को चेताया कि यदि केस से फहीम का नाम न निकाला गया तो आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर देवबंद में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर भूख हड़ताल की जाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अनिल तंवर ने आज मोहल्ला अबुलमाली में फहीम नंबरदार के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह राणा अपने राजनैतिक विरोधियो को पुलिस सेे साठगांठ कर झूठे केसों में फंसाकर उनका सफाया करने का षडयंत्र रच रहे है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नही किया जायेगा और आगामी 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर देवबंद में महापंचायत का आयोजन कर सपा सरकार के खिलाफ बिगुल बजाया जायेगा। उन्होंने कहा कि फहीम नंबरदार बेगुनाह है और राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने पिछली सरकार में भी इनके खिलाफ धारा 307 का झूठा मामला दर्ज कराया था। पकड़े गए शार्प शूटर्स की वीडियो क्लिप दिखाते हुए उन्होंने कहा कि क्लिप में बदमशों ने पूर्व पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी सहित कई अन्य लोगों के नाम साजिश रचने वालों में लिए है जबकि राजनैतिक द्वेष के चलते फहीम नंबरदार को झूठा फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गत 20 सितंबर को सहारनपुर में हुई महापंचायत के दौरान प्रशासन को 30 सितंबर तक का समय दिया गया था लेकिन प्रशासन द्वारा फहीम नंबरदार का केस से नाम निकालने की अपेक्षा उल्टे घरों पर दबिश दी गई। इसी के विरोध में आगामी 2 अक्टूबर को देवंबद में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। यहां तक कि कोतवाली के सामने भूख हड़ताल भी शुरू की जा सकती है।
उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत पर आए 120बी के आरोपी फहीम नंबरदार ने कहा कि कुछ लोग उनकी साफ सुथरी छवि को धूमिल करने के लिए षड्यंत्र रच रहे है। साजिश के तहत इस मामले में उनका नाम खींचा जा रहा है जो सब राज्यमंत्री राजेंद्र राणा के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में भी राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह राणा के ही इशारे पर तत्कालीन कोतवाल बीपी सौलंकी ने उनके खिलाफ कोतवाली में 307 का झूठा मुकदमा दर्ज किया था। अब फिर से उन्हें 120बी का अपराधी बनवा दिया गया है। उन्होंने राज्यमंत्री राजेंद्र सिंह राणा द्वारा उनकी हत्या किए जाने की आशंका भी व्यक्त की। पत्रकार वार्ता के दौरान बदर काजमी, पूर्व सभासद अरशद गौड़, फरीद ठेकेदार, पूर्व सभासद मोहम्मद आरिफ, फारूक नंबरदार आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment