Pages

Saturday, November 24, 2012

घर में घुसकर की फायरिंग, बच्चे को गोली लगी

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)। पुरानी दुश्मनी के चलते आज एक घर में घुसकर कुछ युवकों ने जमकर फायरिंग की जिसके चलते गोली लगने से पांच वर्षीय बच्चा घायल हो गया। परिजनों ने उसे तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
प्राप्त समाचार के अनुसार जनपद के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला नई आबादी निवासी भूरे का पांच वर्षीय पुत्र मूसा अपने घर की छत पर खेल रहा था। बताया गया है कि कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र के ही चालीस फुटा रोड निवासी दबंग आरिफ व मुन्ना के साथ भूरा की रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि भूरे के भाई को कुछ वर्ष पूर्व उक्त लोगों ने ही धारदार हथियार से काट कर मौत के घाट उतार दिया था। आज आरिफ व मुन्ना अपने साथियों के साथ नई आबादी निवासी भूरा के घर उसे मारने के उद्देश्य से तमंचों से लैस होकर घुस गये और जाते ही फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग की आवाज पर मौहल्ले में अफरा तफरी का माहौल बन गया। छत पर खेल रहे पांच वर्षीय मूसा को एक गोली लग गई। घटना के बाद उक्त हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए जान से मारने की धमकी देने के बाद मौके से फरार हो गये। खून से लथपथ पांच वर्षीय बालक को परिजनों ने उठाकर तुरंत जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर कोतवाल सत्यपाल सिंह दलबल के साथ मौके की तरफ दौड़े तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

No comments:

Post a Comment