Pages

Wednesday, October 10, 2012

21 लाख करोड रूपये का काला धन विदेशी तिजोरियों में बंदः गडकरी

घोटालों ने देश को खोखला कर आम जनता को गरीब करने का किया काम

सहारनपुर ( अलर्ट न्यूज)। घोटालों ने देश को खोखला और आम जनता को गरीब करने का काम किया है। केंद्र सरकार में 2जी स्पेक्ट्रम, कॉमनवेल्थ और कोल घोटाले देश के 24 लाख 39 हजार करोड़ रुपये के महाघोटाले है। यदि घोटालों की भेंट चढ़ा यह धन देश में लगाया जाता तो देश में 10 करोड़ गरीब जनता के मकान, 500 पावर प्रोजेक्ट और 20 करोड़ बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता प्रदान किया जा सकता था। उक्त बाते भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कही।
जनपद के विश्वविख्यात धर्मनगरी देवबंद के देवीकुंड मैदान में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की किसान मजदूर रैली को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि 21 लाख करोड़ रुपये का काला धन विदेशी बैंकों की तिजोरियों में बंद है। यदि इस धन को वापिस लाया जाए तो देश का भविष्य ही बदल जाएगा। उन्होंने एफडीआई का विरोध् करते हुए कहा कि एफडीआई से सबसे अधिक नुकसान गरीबों व किसानों को होगा। इससे जहां गरीबों की पानी-पूरी की दुकानें और हाथ ठेले बंद होंगे वहीं किसानों को भी इससे भारी नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि ब्राजील सहित कई विकसित देशों में समस्त वाहन एथनाईल से वाहन चलते है जो कि शीरे से बनता है। यदि भारत चाहे तो यहां एथनाईल का निर्माण कर बेहद कम खर्च पर वाहनों का संचालन किया जा सकता है जिससे देश की जनता को महंगे डीजल व पेट्रोल से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर जान-बूझकर अंकुश लगाना नहीं चाहती। यदि सरकार शीरे से एथनाईल व मैली से सीएनजी का निर्माण करे तो महंगाई पर काफी हद तक अंकुश लग सकता है। उन्होंने गैस की बढ़ी कीमतों से जूझ रही जनता की नब्ज टटोलते हुए कहा कि यदि देश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार बनती है तो लोगों को सब्जी की तरह सब्सिडी युक्त गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध होेंगे।
समाजवादी पार्टी व बसपा पर कटाक्ष करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सपा व कांग्रेस की प्रदेश में तो नूराकुश्ती चल रही है। लेकिन दिल्ली में पक्की दोस्ती निभाई जा रही है जिससे यह साबित होता है दोनों पार्टियां देश की जनता की आंखों में धूल झोंककर अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगी हुई है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव अपने पुत्र अखिलेश यादव का, सोनिया गांधी अपने पुत्र राहुल गांधी का भला करने में लगे हुए है। जबकि मायावती अकेली है इसलिए वह सिर्फ अपना ही भला ढूंढने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश में करोड़ों रुपये का अनाज सड़ गया। यदि तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती पार्क व मूर्तियों की जगह प्रदेश में कोल्ड स्टोर व अनाज गोदाम स्थापित करती तो प्रदेश के किसानों का भला हो सकता था।
उन्होंने भाजपा को कांग्रेस लोकतांत्रित पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा एक सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और यही कारण है कि भाजपा ने हाल ही में अमेरिका में पैगंबर मोहम्मद साहब पर बनाई गयी फिल्म का भी खुलकर विरोध किया था। उन्होंने कहा कि यदि देश को बचाना है तो राष्ट्रवादी विचारधारा वाली भाजपा को केंद्र की सत्ता सौंपनी ही होगी।

No comments:

Post a Comment