Pages

Saturday, December 1, 2012

देश के अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)। शाहपुर कस्बे के मदरसा नुकल उलूम में आयोजित दो दिवसीय जलसे में आसपास के क्षेत्रों के हजारों मुस्लिमों ने शिरकत की। मौलाना अब्दुल अजीज ने देश के अमन-चैन की दुआ मांगी।
जलसे में मौलाना यामीन शेखुल हदीस ने तकरीर करते हुए फरमाया कि मुसलमान मजहबी तालीम के साथ-साथ अपने बच्चों को दुनियावी तालीम भी दिलाएं ताकि देश के ऊंचे ओहदों पर पहुंचकर देश का नाम रोशन करें। उन्होंने यह भी फरमाया कि मुसलमान को पांचों समय की नमाज अदा करना और सच्चाई एवं पूरी ईमानदारी से रोजे रखने चाहिए। इस दौरान मौलाना इनाम, कारी हुसैन, हफीज जौहर, मौलाना जमील आदि ने खिताब किया। जलसे की सदारत मौलाना आकिल ने की। जलसे में आसपास के हजारों मुस्लिमों ने भाग लिया।

केजरीवाल की पार्टी का प्रचार करेंगे हजारे

भुवनेश्वर : सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा है कि वो अरविंद केजरीवाल की पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. उन्होंने ये भी साफ कर दिया कि वो किसी और पार्टी का प्रचार नहीं करेंगे.
अन्ना ने कहा कि अन्य पार्टियों में भी अच्छे उम्मीदवार हो सकते हैं, लेकिन उन उम्मीदवारों का पार्टी पर कोई नियंत्रण नहीं है इसलिए वो उनका प्रचार नहीं करेंगे.
गौरतलब है कि अन्ना हजारे और अरविंद केजरीवाल इंडिया अगेंस्ट करप्शन के झंडे तले जनलोकपाल की मांग कर रहे थे, लेकिन राजनैतिक पार्टी बनाने को लेकर दोनों की राह जुदा-जुदा हो गई थी.
चंदा देने वालों की पहचान छुपाती हैं पार्टियां
अन्ना हजारे ने उन पार्टियों पर भी आलोचना की जो जाति और समुदाय की राजनीति करती हैं और निहित स्वार्थ रखने वाली कंपनियों से चंदा लेती हैं, लेकिन चंदा देने वालों की पहचान छिपाने के लिए 20 हजार से कम राशि को अलग-अलग टुकड़ों में तोड़ देती हैं. उन्होंने व्यक्ति केंद्रित राजनीतिक पार्टियों की भी आलोचना की.
हर काम देश के लिए कर रहे हैं केजरीवाल
हजारे ने कहा कि मैं केजरीवाल को जानता हूं. वो अपने लिए कुछ नहीं कर रहे हैं. वो हर काम देश के लिए कर रहे हैं. हजारे ने कहा कि वो केजरीवाल के उम्मीदवारों की भी निजी तौर पर जांच करेंगे और उपयुक्त उम्मीदवारों का ही समर्थन करेंगे.
sabhar shrinews.com

'अखिलेश चलाएं यूपी,मुलायम चलाएं देश'

लखनऊ(एसएनएन) : यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव देश और अखिलेश यादव प्रदेश चलाएं. तिवारी ने ये बात राजधानी लखनऊ में मुलायम और अखिलेश से करीब 40 मिनट लंबी मुलाकात के बाद कही.
मुलाकात को बताया व्यक्तिगत
तिवारी ने मुलायम की सहराना करते हुए कहा कि मुलायम मेरा छोटा भाई और अखिलेश मेरा भतीजा है. उन्होंने कहा कि ये राजनैतिक नहीं, व्यक्तिगत मुलाकात है.
अखिलेश को पढ़ाया इतिहास का पाठ
तिवारी ने अखिलेश को इतिहास का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि राजा जनता के बीच रूप बदलकर जाते थे, वैसे ही जनता की नब्ज पकड़ने के लिए सीधा सम्पर्क जरूरी है.
FDI का किया समर्थन
तिवारी ने FDI को देश के लिए अच्छा बताते हुए इसका समर्थन किया और कहा कि मुलायम को मैं इसके लिए बाध्य नहीं करूंगा.
मुलाकात के निकाले जा रहे हैं सियासी मायने
तिवारी ने इस मुलाकात को निजी मुलाकात बताया है. मगर जिस तरह से तिवारी ने मुलायम और उनके परिवार की तारीफ में कशीदे पढ़ीं हैं उससे इस मुलाकात के सियासी मतलब निकाले जा रहे हैं. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि तिवारी SP में शामिल हो सकते हैं. समाजवादी पार्टी में इस समय कोई बड़ा ब्राह्मण चेहरा नहीं है. ऐसे में एसपी भी 2014 के लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण वोटों को आकर्षित करने के लिए तिवारी का सहारा ले सकती है. 
sabhar shrinews.com

एड्स दिवस पर निकली जागरूकता रैली


मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज) विश्व एड्स दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में लोगों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक बनाने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारम्भ टाउन हाल मैदान से सीडीओ रविन्द्र गोडबोले और नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रमणि त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।
रैली में विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया। सभी विद्यार्थी हाथों में एड्स सम्बन्धित नारे लिखी तख्तियां हाथों में लेकर चल रहे थे। रैली झांसी रानी चौक, शिव चौक, नावलटी चौराहा होते हुए जिला चिकित्सालय में जाकर समाप्त हुई। सीएमओ डा. वीके जौहरी ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा एड्स के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी और इससे बचाव तथा इसके उपचार के सम्बन्ध में बताया। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपने आसपास रहते हुए एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता उत्पन्न करें। उन्होंने बताया कि कि जिला चिकित्सालय में जांच केन्द्र स्थापित हैं यहां जांच करायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि एड्स को लेकर काफी भ्रांतियां हैं लेकिन यह बीमारी छूने, साथ खाने पीने या खेलने से नहीं फैलती है। इस दौरान एड्स कंट्रोल सोसायटी के प्रभारी डा. एसके त्यागी, डा. ज्ञानेन्द्र कुमार, डा. बीएस सांगवान, डा. बीके ओझा, डा. गीतांजलि वर्मा, श्रीमति पुष्पा रानी मौजूद रहे।

प्रेमी के साथ मायके पहुंची हुआ हंगामा, समझौते के बाद पत्नि गई अपने पति के साथ गाजियाबाद

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)। प्रेम प्रसंग के चलते शादी करने के बाद पति सहित मायके आई युवती को मायके वालों ने ससुराल में भेजने से मना किया तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना की सूचना पर पहुंची सिविल लाईन पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में लाकर फैसला करने का प्रयास किया और मामला पति पत्नी के बीच का होने के चलते महिला थाने के सुपुर्द कर दिया गया। महिला एसओ ने दोनों पक्षों को बैठा कर उनका फैसला माना तथा उन्हें भेज दिया।
प्राप्त समाचार के अनुसार जनपद के सिविल लाईन थाना क्षेत्र के मौहल्ला आनन्दपुरी निवासी युवती का प्रेम प्रसंग गाजियाबाद निवासी   सुमित त्यागी के साथ चल रहा था। प्रेम प्रसंग के चलते छह अगस्त 2012 को उक्त प्रेमी युगल ने घर से फरार होकर शादी कर ली थी और दोनों पति पत्नी के रूप में एक दूसरे के साथ घर से अलग रहने लगे थे। कुछ माह बाद युवती के परिजनों ने इस शादी को स्वीकार कर लिया और युवती को पति सहित मिलने के लिए अपने घर बुलाया। आज जब सुमित त्यागी अपनी पत्नी को लेकर वापस जाने लगा तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उसकी पत्नी को भेजने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गइ। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया। मामले को निपटता नहीं देख पुलिस ने इस मामले को महिला थाने में भेज दिया जिसे महिला एसओ मीनाक्षी शर्मा ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद मामला खत्म हुआ।

मंत्री चितरंजन स्वरूप ने किया सुरेन्द्र प्रकाश मेमोरियल टेनिस टूर्नामेंट का उद्घाटन

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)। चतुर्थ डाक्टर सुरेंद्र प्रकाश मैमोरियल अंतर्राज्यीय डबल लॉन टेनिस टूर्नामेंट का शुभारम्भ सर्विस क्लब में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री चितरंजन स्वरूप ने फीता काटकर तथा खिलाड़ियांे से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया तथा खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी। टूर्नामेंट की पुरस्कार 75 हजार रूपये रखी गयी है। टूर्नामेंट में लखनऊ, आगरा, इलाहाबाद, मुरादाबाद, दिल्ली, बरेली, आगरा, इलाहाबाद, मुरादाबाद, दिल्ली, बरेली, बिजनौर, मेरठ, करनाल, चंडीगढ, यमुना नगर, गुड़गांव, फरीदाबाद से लगभग अस्सी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट के लिए तीन ग्रुप बनाये गये है। प्रथम ग्रुप 35-50, द्वितीय ग्रुप पचास वर्ष से ऊपर व तृतीय ग्रुप लक्की डबल रखा गया है। आज विभिन्न प्रतियोगियों के बीच शानदार मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में झांसी के जिलाधिकारी गौरव दयाल भी खिलाड़ी के रूप में शामिल हुए है। प्रतियोगिता में आईटीएफ वैटनर्स इंडिया ने प्रथम स्थान प्राप्त पवन जैन, राकेश कोहली, राजन बेरी व पुनीत गुप्ता तथा अजित भारद्वाज भी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता के संयोजक अमित प्रकाश के अलावा आर्गेनाईजेशन सेक्रेटरी विजय वर्मा, डा. देवेंद्र मलिक, डा. मनोज काबरा, केपी सिंह, डा. अनिल सिंह, डा. हेमंत शर्मा, डा. विनीत मनोचा, आशु अरोरा, पीके आत्रेय, रजनीश गोयल, राकेश राज त्यागी एडवोकेट, तेजपाल सिंह, ओमकार राणा, अनुराग, सुरेंद्र, एसएन गौड, रविन्द्र चौधरी सहयोग कर रहे है।

जनसेवा केन्द्रों से प्राप्त दस्तावेज मान्य: एडीएम

मुजफ्फरनगर (अलर्ट न्यूज)। एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार श्रीवास्तव ने आदेश पारित करते हुए बताया कि संज्ञान में आया कि जनसेवा केंद्रों/लोकवाणी केंद्रांे से निर्गत किये जाने वाले जनसामान्य से संबंधित उद्धरण खतौली/आय प्रमाण पत्र/जाति प्रमाण पत्र/निवास प्रमाण पत्र व अन्य प्रमाण पत्रों को संबंधित विभागों द्वारा स्वीकार नहीं किया जा रहा है जबकि उक्त केंद्रों द्वारा जारी किये गये जाने वाले प्रार्थना/प्रमाण पत्रों को सक्षम अधिकारी/सम्बन्धित अधिकारी द्वारा अपने डिजिटल हस्ताक्षर से जारी किया जा रहा है जो आईटीएक्ट 2000 की धारा 3 एवं 3ए के अंतर्गत मान्य/वैध है। एडीएम ने समस्त जिला/तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसेवा केंद्रों/लोकवाणी केंद्रों से निर्गत समस्त प्रमाण पत्र, जो डिजीटल हस्ताक्षरयुक्त हो तो तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाये। जनसेवा केंद्रो/लोकवाणी केंद्रों से निर्गत प्रमाण पत्रों का सत्यापन उत्तर प्रदेश शासन के वेबसाईट पर किया जा सकता है।